हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कंपार्टमेंट परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 27 जून से एडमिट कार्ड बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। इस बार कुल 27 हजार 636 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। सीनियर सेकेंडरी की एक दिवसीय परीक्षा 4 जुलाई को होगी, जिसमें 16 हजार 842 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 10 हजार 403 छात्र और 6 हजार 439 छात्राएं हैं। वहीं सेकेंडरी की परीक्षाएं 5 से 14 जुलाई तक चलेंगी, जिसमें 10 हजार 794 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 6 हजार 750 छात्र और 4 हजार 44 छात्राएं हैं।
प्रदेश में 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने 27 उड़नदस्तों का गठन किया है। प्रदेश भर में 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपना एडमिट कार्ड A4 साइज पेपर पर रंगीन प्रिंट करवाएं और उस पर वही फोटो लगाएं जो उन्होंने फॉर्म भरते समय अपलोड की थी। बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश-पत्र और मूल आईडी कार्ड के बिना किसी को परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल और कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें लेखक की सुविधा के लिए पहले से अनुमति लेनी होगी। एडमिट कार्ड में किसी तरह की त्रुटि होने पर तुरंत बोर्ड कार्यालय में संपर्क करने को कहा गया है। बाद में की गई शिकायतों पर विचार नहीं किया जाएगा। बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश कुमार ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएगा।

