हरियाणा के यमुनानगर में कांग्रेस का पूर्व जिलाध्यक्ष 14-15 साथियों के साथ अपनी जमीन पर जुताई करा रहे उत्तर प्रदेश के कारोबारी को धमकाने पहुंच गया। आरोप है कि कांग्रेस नेता ने कारोबारी पर गन तानकर जुताई का काम रुकवा दिया और कहा- यहां से भाग जा, वर्ना गोली मार दूंगा। मामला यमुनानगर के गांव रतनगढ़ का है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। कारोबारी ने बताया कि वह मैसर्ज डिजिटल मैकेनिक्स टेक्निकल सोल्यूशन प्राइवेट नोएडा का डायरेक्टर है।उसका आरोप है कि जब वह थाने में शिकायत देने पहुंचा तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और पुलिस के सामने ही उसे धमकियां दीं। फिलहाल पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर कांग्रेस नेता राजकुमार त्यागी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, कांग्रेस नेता ने धमकी देने के आरोपों को झूठा बताया है।
गाजियाबाद का रहने वाला, हरियाणा में है जमीन जमीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह UP में गाजियाबाद के इंदिरापुरम साहिबाबाद का रहने वाला है। उसके पास रादौर के रतनगढ़ गांव में 49 कनाल 15 मरले की कृषि भूमि है। 15 जून दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी जमीन पर आगामी फसल के लिए जुताई कर रहा था। उसने मजदूर लगाए हुए थे और वह भी मौके पर मौजूद था।
बंदूक तान काम रुकवाया, गोली मारने की धमकी दी जमीत कुमार ने बताया कि इसी दौरान राजकुमार त्यागी अपने 15-20 गुंडे साथियों के साथ अवैध हथियारों बंदूक, पिस्टल और रिवॉल्वर से लैस होकर वहां पहुंचा। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और जुताई का काम जबरन रुकवा दिया। राजकुमार ने बंदूक तानकर कहा- यहां से भाग जा, नहीं तो गोली मार दी जाएगी।
पुलिस की मौजूदगी में भी दी धमकी जमीत कुमार ने आगे बताया कि उसने खतरे को भांपते हुए तुरंत डायल 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस के सामने भी राजकुमार और उसके साथी हथियार लहराते हुए धमकियां देते रहे। मगर, पुलिस ने कुछ नहीं किया। इससे उससे जान का खतरा पैदा हो गया।