फतेहाबाद में चल रही रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन रात को खत्म हो गई। फतेहाबाद में जिला प्रशासन के साथ रोडवेज कर्मचारी नेताओं की देर शाम तक मीटिंग चली। मीटिंग में डीसी मनदीप कौर, रोडवेज के जीएम अजय दलाल सहित कई अधिकारी और रोडवेज सांझा मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे। मीटिंग में अधिकारियों ने रोडवेज नेताओं को बताया कि कंडक्टर से मारपीट मामले में सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष दो लोगों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। इसके बाद रोडवेज नेताओं ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया। शुक्रवार सुबह से सभी बसों का सुचारू रूप से संचालन होगा। रोडवेज कर्मचारी नेता जगदीप लाठर ने बताया कि शुक्रवार से सभी रूटों पर बसें चलेंगी। हड़ताल खत्म कर दी गई है।
इधर, पानीपत के सेक्टर 29 में हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जमा भीड़ ने बस ड्राइवर की पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। ।
1. हरिद्वार से फतेहाबाद आ रही थी बस हिसार के गांव पाबड़ा का रहने वाला कृष्ण कुमार कुंडू फतेहाबाद डिपो में कंडक्टर के पद पर कार्यरत है। कुंडू के मुताबिक सोमवार शाम (16 जून) को उनकी बस हरिद्वार से फतेहाबाद आ रही थी। हिसार बस अड्डे से एक युवक और 2 युवतियां बस में सवार हुए। बाइपास पहुंचने पर युवक ने अपना और युवतियों का टिकट लेने से इनकार कर दिया।
2. युवती ने फोन कर जानकार बुलाए इस दौरान कंडक्टर और युवक की बहस हुई। इसके बाद हिसार बस अड्डे से करीब 7 किलोमीटर दूर ढंढूर गांव के पास तीनों को उतार दिया। इस दौरान एक युवती ने फोन कर अपने जानकारों को अग्रोहा बुला लिया। कंडक्टर का आरोप है कि युवती ने फोन पर उसे सबक सिखाने की बात कही।

