अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में हरियाणा की एक महिला की भी मौत हो गई है। महिला अंजु शर्मा (55) कुरुक्षेत्र जिले के गांव रामशरण माजरा की रहने वाली थीं। इन दिनों वो अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं।अंजु लंदन में रह रही अपनी बेटी निम्मी से मिलने के लिए जा रही थीं। टेक ऑफ से पहले उन्होंने हरियाणा में अपने बीमार पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने पिता से कहा था कि लौटने के बाद वो उनसे मिलने जरूर आएंगी।
बता दें कि गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। अब तक हादसे में केवल एक व्यक्ति के बचने की बात सामने आई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।

बेटी के साथ DNA करवाया जाएगा मैच सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली है कि महिला की पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस वडोदरा में रहने वाली उनकी बेटी से डीएनए मिलान करेगी। वहीं, अंजु शर्मा भले ही अब हरियाणा में नहीं रहती हों लेकिन उनके माता-पिता अभी भी गांव रामशरण माजरा में ही रहते हैं। अंजु के भाई मिलिन शर्मा फिल्म डायरेक्टर हैं और वह भी वडोदरा में ही रहते हैं।
