फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में भाजपा MLA हरेंद्र सिंह रामरतन के बेटों की जमकर धुनाई की गई। विधायक के 2 बेटों ने पुलिस को कहा कि उन्हें जिम ट्रेनर और उसके साथियों ने पीटा है। उन्होंने गालियां देकर जातिसूचक शब्द भी बोले। जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे। वहीं, इस मामले में जिम ट्रेनर ने भी पुलिस को शिकायत दी। जिम ट्रेनर ने पुलिस को बताया कि विधायक के बेटे जिम में अकड़ दिखा रहे थे। वह दूसरे लोगों को जिम में एक्सरसाइज करने के बीच रोकटोक कर रहे थे। उन्होंने गुंडे भी बुलाए, जिनके पास पिस्टल और तेजधार हथियार थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं विधायक ने कहा कि उनके बेटों को जातिसूचक शब्द बोलकर मारपीट की गई है। वह मारपीट की घटना के बाद बेटों का हाल देखने बीके अस्पताल पहुंचे थे।
जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया
विधायक के छोटे बेटे विशाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह शुक्रवार की शाम को फरीदाबाद के सेक्टर-28 स्थित एनिटाइम जिम में एक्सरसाइज कर रहा था। इसी दौरान जिम के ट्रेनर पृथ्वी चपराना और उसके साथियों अमन, दीपक, निशांत, हनी ने उसे जातिसूचक शब्द कहे। विशाल ने बताया- ये लोग मुझे गालियां दे रहे थे। जब मैंने इसका विरोध किया तो उन्होंने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मैंने अपने बड़े भाई जगप्रिय और पड़ोसी को कॉल कर बुलाया। मौके पर जब ये दोनों पहुंचे तो आरोपियों ने इनके साथ भी मारपीट की।
स्कॉर्पियो में आए जिम ट्रेनर के साथी
विशाल के अनुसार, जिम ट्रेनर ने अपने कुछ अन्य साथियों को भी बुला लिया था, जो सफेद स्कॉर्पियो में आए थे। जिम ट्रेनर के साथियों ने भी उनके साथ मारपीट की। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद विधायक के दोनों बेटों और पड़ोसी का मेडिकल बीके अस्पताल में कराया गया। हालांकि, किसी को गहरी चोट नहीं लगी है।

