हिसार: आज चंडीगढ़ में हरियाणा कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में हरियाणा कैबिनेट के सभी सदस्य शामिल होंगे। आज होने वाली इस बैठक पर प्रदेश के सभी कर्मचारियों की नजर है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सरकार कर्मचारियों से जुड़े दो अहम फैसले ले सकती है। इस बैठक में सैनी सरकार अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की नीति बना सकती है और रिटायरमेंट की उम्र 58 साल से बढ़ाकर 60 साल कर सकती है। इसलिए हरियाणा के कर्मचारियों की इस बैठक पर नजर है। इसके अलावा कैबिनेट स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन बढ़ाने पर भी अपनी अंतिम मुहर लगा सकती है। हाल ही में सैनी सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों की पेंशन 25000 से बढ़ाकर 40000 की है। इसके अलावा आपातकाल सेनानियों और हिंदी आंदोलनकारियों की पेंशन भी 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी है। आज कैबिनेट में इस घोषणा को मंजूरी देकर सरकार 1 जुलाई से बढ़ी हुई पेंशन देना शुरू कर सकती है।

