चंडीगढ़: छह खूबसूरत पोस्टर्स के साथ बरज़ख की दुनिया की झलक पेश करते हुए ज़ी जि़ंदगी लेकर आया है बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘बरज़ख’। ऐसा करते हुए ज़ी जि़ंदगी ने अपने दायरे का थोड़ा और विस्तार किया है। इस जबर्दस्त शो का निर्देशन, चुड़ैल्स और केक वेब सीरीज के निर्माता आसिम अब्बासी ने किया है। ये सीरीज पाकिस्तान की ओर से ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री के रूप में भेजी गई थी। जि़ंदगी के साथ उनकी ये दूसरी साझेदारी है। फ्रांस में प्रतिष्ठित सीरीज मेनिया फेस्टिवल में बहुप्रशंसित प्रीमियर के बाद ‘बरज़ख’, दुनियाभर के दर्शकों के लिए जि़ंदगी के यूट्यूब तथा ज़ी5 पर शुक्रवार, 19 जुलाई से उपलब्ध होगी। इसमें पूरी दुनिया के पसंदीदा आईकन फवाद खान और टैलेंटेड सनम सईद ने अभिनय किया है।
‘बरज़ख’ में 76 साल के एक तन्हा व्यक्ति की जि़ंदगी दिखाई गई है। वे एक वीरान रिज़ॉर्ट में अपने बिछड़े हुए बच्चों और पोते-पोतियों को बेहद ही अलग तरह के जश्न व कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए बुलाते हैं। यह उनके पहले प्यार के साथ शादी का मौका है, जोकि एक भूतनी है। भावनाओं से भरपूर ये कहानी दर्शकों को जि़ंदगी की पहेलियों के बारे में सोचने पर मजबूर करती है, आखिर मरने के बाद क्या होता है। साथ ही प्यार के उस अटूट रिश्ते की ओर ध्यान दिलाती है जो हमें आपस में जोड़ता है।
इस सीरीज में दर्शकों को हुन्जा घाटी के खूबसूरत नजारों से रूबरू कराया गया है और यहां की खूबसूरती को दर्शाते हुए जि़ंदगी की कहानी को परदे पर उकेरा गया है। 6 एपिसोड की इस सीरीज में फवाद खान और सनम सईद के अलावा, सलमान शाहिद, एम. फवाद खान, इमान सुलेमान, खुशहाल खान, फैजा गिलानी, अनिका जुल्फिकार, फ्रेंको गस्टी जैसे बेहतरीन कलाकारों ने काम किया है। ख्यात चैनल जि़ंदगी, फवाद और सनम को 12 साल पहले आए उनके पिछले सुपरहिट शो जि़ंदगी गुलजार के बाद एक बार फिर साथ लेकर आया है।

