अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार रात 2 बाइकों पर सवार होकर आए युवकों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के एक वर्कर और उसके साथियों पर गोलियां बरसा दीं। इस वारदात में एक की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना के बाद SSP अमृतसर रूरल मौके पर पहुंचे। वारदात की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, वारदात अमृतसर के अजनाला के अंतर्गत गांव लक्खूवाल में हुई है। AAP के नौजवान दीप इंद्र सिंह दीपू सरकारिया अपने साथियों के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। रात तकरीबन साढ़े 8 बजे वहां बाइक पर 2 अज्ञात युवक आए और फायरिंग शुरू कर दी। दोनों के पास पिस्टल थे। घटना के बाद घायलों को उसी समय अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान दीप इंद्र सिंह की मौत हो गई थी। डॉक्टर ने उसे मृत लाया हुआ घोषित किया। वहीं, 4 घायलों का उपचार गुरदासपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं बंबीहा ग्रुप ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है।