हरियाणा के रेवाड़ी शहर में गुरुवार को 2 बहनों के इकलौते भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने लहूलुहान हालत में युवक को रेलवे लाइन के समीप फेंक दिया। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले कुछ युवकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस के अलावा CIA की टीम मामले की कार्रवाई में जुटी हुई है। पिता ने बताया कि उन्हें पता चला है कि एक सप्ताह पहले किसी के साथ उनके बेटे का झगड़ा हुआ था। इसी कारण आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उसे एक गोदाम पर बुलाया और वहां से गाड़ी में डालकर सुनसान जगह ले गए, जहां उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के मोहल्ला भजन का बाग निवासी लोकेश उर्फ लक्की (19) को बुधवार की देर रात सन्नी नाम का युवक अपने साथ लेकर गया था। लोकेश अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।

सिर पर किया था हमला
लोकेश के पिता यशपाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सन्नी नाम का युवक फिर से उनके घर पर पहुंचा और लोकेश की स्कूटी बाहर खड़ी कर कहा कि लोकेश प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। उसके सिर में चोट लगी हुई है। इतना सुनने के बाद लोकेश की मां और ताऊ दोनों प्राइवेट अस्पताल में पहुंचे, लेकिन वहां से उसे ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया था। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद पता चला कि लोकेश की मौत हो चुकी है। यशपाल के मुताबिक, उसके बेटे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर काफी चोट मारी गई। जिससे उसकी मौत हुई। यशपाल ने बताया कि उसके बेटे की हत्या करने वाले साहिल, हंसराज, राज, भोला और सन्नी हैं। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ट्रॉमा सेंटर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। लोकेश ने इस साल 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। वह 2 बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में हैं।

