जीरकपुर। जीरकपुर की एक सोसायटी से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले 5 सट्टेबाजों को जीरकपुर पुलिस ने सट्टा लगवाते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भोले भाले लोगों को पैसे डबल करने का लालच देकर क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस निवासी बरनाला, रोहित निवासी डीएसपी रोड फतियाबाद हरियाणा, सेम निवासी गौशाला मोहल्ला सिरसा, हरियाणा, संदीप निवासी गांव मोहम्मदपुर रोही फतेहाबाद हरियाणा और सूजन कुमार निवासी भीमा बस्ती, फतेहाबाद हरियाणा के रूप में हुई है। जिन्होंने नगला रोड पर स्थित सुषमा वेलेंसिया में फ़्लैट ले रखा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 3,4 गैंबलिंग एक्ट और 420 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि बुधवार को गश्त के दौरान पुलिस पार्टी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कोहिनूर ढाबे के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस पार्टी को सूचना मिली कि नगला रोड पर सुषमा वेलेंसिया सोसायटी के फ़्लैट 52/3 में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने सोसायटी के उक्त फ़्लैट में छापेमारी कर 5 लोगों को सट्टा लगवाते हुए रंगे हाथ काबू किया है।
विगत दिन जीरकपुर में पकड़े गए क्रिकेट सट्टा बुकियो के तार एक बार फिर फतेहाबाद से जुड़े हुए मिले है। जिससे स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में करोड़ों रुपए का अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा बाजार का केंद्र बिंदु फतेहाबाद जैसा छोटा शहर है। इसके पीछे मुख्य वजह है, फतेहाबाद जिला पुलिस की क्रिकेट सट्टा चलाने वालों के पर कोई करवाई न करना। साथ ही युवाओं को बर्बादी के दलदल में डालने वाले आधा दर्जन क्रिकेट सट्टा किंग को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण भी बड़ा कारण रहा है। जब जब क्रिकेट सट्टा बुक्की पकड़े गए, उनके मुख्य सरगना स्थानीय विधायक के बेहद नजदीकी ही मिले। विगत दिन पकड़े गए क्रिकेट बुकियों का मुखिया भी फतेहाबाद अनाज मंडी से बताया जा रहा है, जिसका पिता स्थानीय विधायक का बेहद खास बताया जा रहा है। पंजाब पुलिस जांच में अब अनाज मंडी के इस मुख्य सरगना पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसके बाद कई और क्रिकेट बुकी किंग भी पुलिस की गिरफ्त में आ सकते है।

