लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच हरियाणा कांग्रेस ने 5 बार की विधायक किरण चौधरी को एक और झटका दिया है। सोमवार रात को पार्टी ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव का प्रचार करने वाले स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है, जिसमें किरण चौधरी का नाम ही नहीं है।
इसके अलावा कांग्रेस ने किरण की बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी को भी चुनाव प्रचार कैंपेन से बाहर रखा है। बड़ी बात यह है कि पार्टी ने पहले श्रुति चौधरी का टिकट काटकर भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से राव दान सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब दोनों मां-बेटी को स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर कर दिया।

हुड्डा के करीबी को टिकट मिलने से नाराज थीं
हरियाणा में तोशाम से विधायक किरण चौधरी अपनी बेटी श्रुति चौधरी का लोकसभा टिकट कटने से नाराज थीं। श्रुति चौधरी भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुकी हैं। वह पहली बार 2009 में इसी संसदीय क्षेत्र से चुनी गई थी।
लेकिन, इस बार पार्टी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से श्रुति का टिकट काटकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी राव दान सिंह को टिकट दिया है। इसके बाद से ही विधायक किरण चौधरी की नाराजगी समय-समय पर जाहिर होती रही।
