अंबाला की बेटी को पंजाब में ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने ससुरालियों पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ही पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने पति, सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंबाला कैंट के एक गांव निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी 11 जुलाई 2021 को पटियाला (पंजाब) निवासी करमनप्रीत सिंह से अंबाला कैंट में हुई थी। उसकी यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से एक बेटा भी है,जो उनके साथ ही रहता था। शादी के बाद ससुराली दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। उसका पति अपने बड़े भाई-भाभी की बातों में आकर मारपीट करता था।

पीड़िता बोली-ससुरालियों ने जिंदगी बना दी नर्क
विवाहिता ने आरोप लगाए कि उसका पति गलत तरीके से संबंध बनाता था। उसे चाहे कितना भी दर्द हो, लेकिन पति अपनी मनमर्जी करता था। इसकी वजह से वह बीमार भी रहने लगी थी। ससुराल वालों ने उसका इलाज तक नहीं कराया। उसकी जिंदगी नर्क बना कर रख दी।

कनाडा जाने के लिए मांगे पैसे
विवाहिता ने बताया कि उसका पति कनाडा जाना चाहता है। इसलिए ससुराल वाले उसके ऊपर अपने मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। उसके माता-पिता बहुत गरीब हैं। पिता ऑटो चला गुजारा कर रहे हैं। इसका फायदा ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। उसे नौकरानी बना के अपने घर पर रखा।

पति समेत 3 पर FIR, मेडिकल कराएगी पुलिस
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जो आरोप महिला ने अपने जेठ-जेठानी पर लगाए हैं, उनकी पुष्टि नहीं हुई है। क्योंकि महिला का जेठ एयरफोर्स में तैनात है, जिनकी ड्यूटी असम में है, जोकि पिछले ढाई साल से पटियाला नहीं आया। वहीं, पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने जो आरोप पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के लगाए हैं, उस संदर्भ में पुलिस मेडिकल कराएगी। पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ धारा 323,498A व 406 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

