हिसार: हिसार लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला का विधायक पद से इस्तीफा मंजूर हो गया और वह आज हिसार से नामांकन भरने जा रहे हैं। इस बीच कुलदीप बिश्नोई और भव्य के नामांकन में पहुंचने की उम्मीद ना के बराबर है। क्योंकि भव्य अपनी ससुराल राजस्थान में चले गए हैं तो कुलदीप बिश्नोई अपने दिल्ली स्थित आवास में चले गए हैं। ऐसे में दोनों के नामांकन में पहुंचने की उम्मीद नहीं है। वहीं रणजीत चौटाला के नामांकन को भव्य बनाने की भाजपा तैयारी कर रही है। आज भाजपा हिसार लोकसभा कार्यालय में पूर्व CM मनोहर लाल, हरियाणा लोकसभा प्रभारी सतीश पूनिया, सीकर से सांसद सुमेधानंद सरस्वती और प्रो. राम बिलास शर्मा मौजूद रहेंगे।

जानिये कब भरेंगे नैना, सुनैना और जेपी अपना नामांकन
इनेलो प्रत्याशी सुनैना चौटाला 3 मई को अपना नामांकन भरेंगी। उनके नामांकन में अभय चौटाला पहुंचेंगे। नामांकन से पहले हवन होगा और रोड शो निकाला जाएगा। इसके अलावा जजपा प्रत्याशी नैना चौटाला और कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश जेपी 6 मई को अपना नामांकन करेंगे। नैना के नामांकन पर अजय चौटाला, दुष्यंत और दिग्विजय मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जयप्रकाश के नामांकन पर पूर्व Cm भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूद रहे।

दो दिन में किसी का नहीं आया नामांकन
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले दो दिन किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है। नामांकन भरने की प्रक्रिया 6 मई तक चलेगी, उम्मीदवार बाद प्रात: 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन दाखिल करवा सकते हैं। हिसार लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत हिसार, आदमपुर, नलवा, बरवाला, हांसी, नारनौंद, उकलाना, बवानीखेड़ा और उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

