चंडीगढ़: कनाडा में बैठे पंजाब के गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा को केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने आतंकी घोषित कर दिया है। लांडा के खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े होने के कन्फर्म इनपुट होने के बाद यह एक्शन लिया गया है। 33 साल का गैंगस्टर लांडा साल 2021 में मोहाली में पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर हुए हमले का मास्टरमाइंड है। इसके अलावा पंजाब के पुलिस थानों पर भी ग्रेनेड अटैक करवाने में उसकी साजिश सामने आ चुकी है। लखबीर को पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा का करीबी माना जाता है।
गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन में क्या कहा गया…
गृह मंत्रालय के मुताबिक लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा इस समय कनाडा के एडमोंटन अल्बर्टा में रहता है। उसे सीमा पार एजेंसी का सपोर्ट है और रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड अटैक की आतंकी साजिश में शामिल था। यह हमला पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर हुआ था। इसके अलावा वह पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए IED, हथियार, विस्फोटक सप्लाई करता हैं।

