चंडीगढ़: हाल ही में चंडीगढ़ में कुछ मामले सामने आए हैं जहां कुत्तों द्वारा लोगों के काटने में बढ़ोतरी देखा गया है। इस वर्ष कुत्तों के काटने के मामले लगभग दुगने हो गये हैं। प्रशासन को इसे गंभीरता से लेते हुए समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने चाहिए और दीर्घकालिक समाधान करना चाहिए। वरिष्ठ आप नेता प्रेम गर्ग ने कहा कि कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाएं चिंता की बात है। सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी इस समस्या से निजात मिल सकती है। सदन में भी कई बार उठे सवाल लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। लोगों का घर से निकलना या पार्क में घूमना दूभर हो गया है। पिछली सदन की कई बैठकों में कुत्तों के काटने का मुद्दा गूंजा है। दो महीने पहले की बैठक में पार्षद हरप्रीत कौर बबला ने भी कहा था कि सेक्टर-28 में जहां शहर के मेयर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रहते हैं, वहीं सबसे ज्यादा कुत्तों के काटने के केस आ रहे हैं। कोई भी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। पूरे शहर में लोग कुत्तों से परेशान हैं। ये स्मार्ट सिटी पर काला धब्बा है।

