रोहतक: हरियाणा सरकार ने रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर से 21 दिन की पैरोल दे दी है। अलग-अलग मामलों में सजायाफ्ता मुजरिम राम रहीम को 30 महीने में 8वीं बार पैरोल मिली है। राम रहीम इस बार भी अपनी पैरोल के दौरान यूपी के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहेगा। इससे पहले इसी साल राम रहीम को 3 बार पैरोल मिल चुकी है। पैरोल खत्म होने के बाद उसकी ओर से फरलो की अर्जी लगाई गई, जिसे मंजूर कर लिया गया।
आश्रम प्रवक्ता बोले- नियमों के तहत मिली पैरोल
डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता जितेंद्र खुराना के अनुसार, कानून के तहत ही कैदी को जेल से बाहर आने की अनुमति मिलती है। जितेंद्र खुराना ने बताया कि जो भी जेल के अंदर होता है, उन्हें एक साल के अंदर 70 दिन की पैरोल दी जाती है। इसी के साथ कैदी को 21 से 28 दिन की फरलो मिलना उनका अधिकार है।
प्रवक्ता ने कहा कि जेल मैनुअल के मुताबिक डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पैरोल दी गई है। यह पूरी तरह से कानून के दायरे में है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार महीने पहले राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई थी उसमें से जो शेष बची थी। वहीं पैरोल राम रहीम को अब दी गई है।
