चंडीगढ़: भारत और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीमों के बीच रविवार को होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप-2023 के फाइनल मैच को लेकर चंडीगढ़ में कुछ पाबंदियां लगाई गई है। इससे जुड़े आदेश चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की ओर से शुक्रवार शाम को जारी किए गए। इसके तहत शहर में आंशिक रूप से कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। चंडीगढ़ के डीसी और डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट विनय प्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पूरे मैच के दौरान चंडीगढ़ शहर में किसी भी सार्वजनिक जगह पर पांच या उससे अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। मैच से पहले, मैच के दौरान या मैच के बाद पटाखे चलाने पर भी बैन लगाया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

ओपन में नहीं दिखा सकेंगे मैच
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि शहर के किसी भी हिस्से में ओपन में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। कार में भी तेज आवाज से म्यूजिक, ढोल या ड्रम वगैरह नहीं बजाया जा सकेगा। अगर कोई भी इन आदेशों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ आईपीसी की धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
चंडीगढ़ पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के इन आदेशों के बाद शाम को ही चंडीगढ़ पुलिस ने भी आम पब्लिक के लिए एडवाइजरी जारी कर दी। इस एडवाइजरी में पुलिस ने आम लोगों से इन आदेशों को मानने की अपील की है। साथ ही उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
छुट्टी का दिन होने के कारण एहतियातन फैसला
भारत और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीमों के बीच आईसीसी वर्ल्ड कप-2023 का फाइनल मैच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सार्वजनिक छुट्टी का दिन और क्रिकेट का खुमार चरम पर होने की वजह से शहर में किसी भी तरह के हंगामे या हुड़दंग को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर यह आदेश जारी किया गया है।

