चंडीगढ़: दुबई और सिंगापुर की तर्ज पर अब चंडीगढ़ वासियों को भी अपने ही शहर में ‘एक्वेरियम्स टनल्स’ का दीदार होगा। शहर में पहली बार स्थानीय लोग देश विदेशों से इम्पोर्ट की गई एग्जोटिक्स फिश (मछलियों) को देख पायेंगें। सेक्टर 34 स्थित पेटोल पम्प से सटे एग्जीबिशन ग्राउंड में सी वर्ल्ड कार्निवाल के दौरान मस्ती, फूड और शापिंग के साथ देश विदेशों की विभिन्न प्रजातियों की मछलियों के साथ यादगर पल बिता पायेंगें। मंगलवार को सी वर्ल्ड कार्निवाल के आयोजन अलंकेश्वर भास्कर और सुनील कुमार गोयल (बिल्ला) ने आयोजन स्थल पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि संभवत शहर के लिये यह पहला मौका होगा कि शहर में दो लाख से भी अधिक मछलियों को दर्शकों के समक्ष रखा गया है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास शहरवासियों को दुबई और सिंगापुर जैसे एक्वेरियम का आभास प्रदान करवाना है। शहर में इन मछलियों को लाने की विषम प्रक्रियाओं से अवगत करवाते हुये उन्होंने बताया कि विशेष कार्गो से उनके अनुकूलित वातावरण के साथ बिना किसी नुकसान पहुँचाये उन्हें यहां तक लाया गया है। इन एक्वेरियम के लिये विशेष हैंगर तक समर्पित किया गया जिसमें कूलर्स और एयर कंडीशनर के तापमान, फिल्टर्स और अन्य उपकरणों के बीच इन मछलियों को रखा जाएगा जिससे की लगभग अगले दो महीने तक दर्शकों के मन को लुभायेंगीं। इनकी फीडिंग और मेंटेनेंस के लिये हैदराबाद और तिरुपति से फिरोज एलीयास खान की अगुवाई में पूर्ण प्रशिक्षित बीस लोगों की टीम समर्पित है। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ प्रजातियों अमेरिका के अमेजन नदी से इम्पोर्ट की गई है। कार्निवाल की अन्य विशेषताओं की जानकारी देते हुये भास्कर ने बताया कि शापिंग के लिये मेला परिसर में लगभग पचास स्टाल्स लगाए गये हैं जोकि आने वाले लोगों को शापिंग का आनंद भी प्रदान करेंगें। शापिंग के साथ फूड स्टाल्स में देशभर से आये शैफ्स द्वारा बनाये गये विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुत्फ लिया जा सकता है। इसके अलावा मेला परिसर में बच्चों सहित हर वर्ग के लिये लगभग 16 झूले लगाये गये हैं। सभी झूलों का फिटनैस टेस्ट किया जा चुका है जिन्हें जल्द ही पब्लिक के लिये खोल दिया गया है। उन्होंनें बताया कि आने वाले उत्सवों की कड़ी में चंडीगढ़वासी अब इस मेले से कई यादें लेकर जायेंगें। उन्होंने आस जताई कि हर वर्ष की तरह इस साल भी वे आने वाले दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगें।
