हरियाणा राज्य के 97 एडेड कॉलेजों के शिक्षक और गैर-शिक्षक स्टाफ ने सरकार और शिक्षा विभाग के उदासीन, सौतेले, अकर्मण्यता, नकारात्मक, अनसुने रवैया के कारण 6, 7 और 8 फरवरी को रोष प्रदर्शन शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें नॉन टीचिंग स्टाफ की एसीपी बहाल करने, एक्स ग्रेशिया पॉलिसी 2019 लागू करने, संशोधित एचआरए लागू करने, एनपीएस कर्मचारियों की डेथ कम रिटायरमेंट ग्रेच्युटी, मेडिकल, और स्टाफ को सरकारी कॉलेजों में समायोजित करने सहित मुद्दों को उठाया जाएगा ।
रोष प्रदर्शन में सभी कार्यरत कर्मचारी 6 फरवरी को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम पत्र भेजेंगे। इसके बाद, 7 फरवरी को सोशल मीडिया जैसे की ट्विटर, फेसबुक के जरिए सभी कर्मचारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और 8 फरवरी को सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कॉलेज गेट पर इकट्ठे होकर प्रदर्शन करेंगे व अपने मांग पत्र की कॉपी ईमेल के जरिए मुख्यमंत्री को भेजेंगे । टीचिंग और नॉन टीचिंग यूनियन पिछले कई वर्षों से लगातार मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और उच्च अधिकारियों से मिलकर अपनी मांगों को बता चुकी है। लेकिन हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है ।
प्रधान सीटीए डॉ राजबीर सिंह और बिजेंद्र कादयान ने बताया कि प्रदेश के सभी विभागों में सातवें वेतनमान के अनुसार संशोधित मकान किराया भत्ता लागू हो चुका है लेकिन एडेड कॉलेजों की फाइल पिछले तीन वर्षों से शिक्षा विभाग और वित्त विभाग के बीच झूल रही है। इसके साथ ही डेथ कम रिटायरमेंट ग्रेच्युटी की फाइल भी पिछले एक साल से वित्त विभाग में लंबित है। एक्स ग्रेशिया पॉलिसी 2019 में माननीय हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद भी विभाग ने ऐडेड कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अभी तक रूल्स फ्रेम नही किए हैं। यहां पर यह ध्यान देने योग्य है की पहले एक्स ग्रेशिया पॉलिसी ऐडेड कर्मचारियों पर लागू थी । महाविद्यालयों के नॉन टीचिंग कर्मचारियों को एसीपी का लाभ जनवरी 2021 से मिलना बंद हो गया। इन महाविद्यालयों के कर्मचारियों को मेडिकल या चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ता भी नही मिलता है। इसके साथ ही सीसीएल, पीटीएल, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस सहित बहुत से ऐसे लाभ हैं जो कार्यरत कर्मचारियों को नही मिलते ।
टीचिंग और नॉन टीचिंग यूनियन ने फैसला लिया है अगर सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तो इस तीन दिवसीय रोष प्रदर्शन के उपरांत मार्च महीने में मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा ऐडेड कॉलेज के गैर शिक्षक कर्मचारी यूनियन के आयोजन सचिव रमनदीप सिंह ने दी।
