महाराष्ट्र के सिन्नर-शिरडी हाइवे पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक निजी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बस में सवार लोग साई बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे।
इस घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि बस पूरी तरह से चकना चूर हो गई है। घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस और बचाव दल पहुंचा। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे ने हादसे में हुई लोगों की मौत पर शोक जताया है। मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।