खालिस्तान समर्थक के एक संगठन ने पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की धमकी दी है। सरकारी कॉलेज की दीवारों पर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के विरोध में नारे भी लिखे गए हैं। भारत में प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस ने राहुल गांधी की यात्रा को रोकने का आह्वान किया है। सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की धमकी दी है। आपको बता दें, गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दीवारों पर राहुल गांधी और इंदिरा गांधी को लेकर आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए। श्री मुक्तसर साहिब के गवर्नमेंट कॉलेज की दीवारों पर खालिस्तानी समर्थकों की तरफ से रात के समय नारे लिखे गए।
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना समेत कई राज्यों से गुजरते हुए राजस्थान पहुंच चुकी है। राजस्थान के बाद राहुल गांधी की ये यात्रा हरियाणा में प्रवेश करेगी और इसके बाद पंजाब पहुंचेगी। राहुल गांधी के यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा 10 जनवरी को पंजाब में दाखिल होगी। राहुल गांधी की यात्रा के पंजाब पहुंचने में अभी करीब 20 दिन बाकी हैं। अब देश में प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस की ओर से दी गई धमकी के बाद पंजाब पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है।
