रोहतक में बरात रवाना होने से पहले पुलिस ने दूल्हे को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर नाबालिग का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था। दूल्हे ने पुलिस ने गुहार लगाई कि उसे शादी के बाद गिरफ्तार किया जाए, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी।
पुलिस ने बताया कि शहर की एक कालोनी की 17 साल की लड़की ने शिकायत दी थी कि उसके पड़ोस में झज्जर जिले का युवक किराये पर रहता था। एक दिन परिवार के लोग घर से बाहर काम पर गए हुए थे। तभी आरोपी युवक तीन माह पहले घर में घुस आया। उस समय वह अकेली थी। आरोपी ने उसे डरा धमकाकर गलत काम किया। धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार दूंगा।
अब पीड़िता के परिजनों को पता चला कि वह गर्भवती हो गई है। उन्होंने 14 दिसंबर को महिला थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल की। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी की शादी होने वाली है। तत्काल पुलिस झज्जर पहुंची और आरोपी को बरात रवाना होने से एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेजा गया है।