सोनीपत: हरियाणवी लोक कलाकार व रागनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि अचानक सीने में दर्द उठने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पेप्सी शर्मा 38 साल के थे। उनके 10 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है। भाई रिशिपाल ने बताया कि रविवार सुबह ही पेप्सी शर्मा अपने पैतृक गांव पतला पहुंचे थे। क्योंकि उसको कहीं किसी शो के लिए जाना था। गांव आने के बाद वह अपनी मां के पास रुके और उनसे मुलाकात की। बाद में वह अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सीने और शरीर में दर्द महसूस हुआ। दर्द की शिकायत के बाद उनके दोस्त उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच कर दवा दी और घर भेज दिया। इसके बाद वो मां के पास बैठकर बातचीत करने लगे। तभी फिर से उन्हें दर्द हुआ और दोबारा अस्पताल जाते वक्त उनकी मौत हो गई।

उनका असली नाम यशपाल शर्मा था, लेकिन स्टेज पर पेप्सी शर्मा के नाम से मशहूर हुए। मूलरूप से गाजियाबाद के पतला गांव के रहने वाले थे। हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में स्टेज परफॉर्मेंस के जरिये खास पहचान बनाई। हरियाणा में गोशालाओं में होने वाले रागनी कंपीटिशन में उनकी खास भूमिका रहती थी। उनकी पहचान केवल एक गायक के रूप में ही नहीं बल्कि मंच पर अपने मजाकिया अंदाज और कॉमिक टाइमिंग के लिए भी थी। वे रागिनी कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों को हंसाने और मनोरंजन करने की अनोखी कला रखते थे।

