मोहाली: पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम बदला हुआ है। आज (6 जून) 7 जिलों में बारिश और 3 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसमें मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा, मानसून की यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 से 25 जून के बीच पंजाब में प्रवेश कर सकता है। इस साल पंजाब में मानसूनी बारिश सामान्य से 8 से 10 फीसदी तक कम रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि जून के मध्य से प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान अब सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सबसे अधिक 42 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया।
