पंचकूला: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम से जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (JICA) के सहयोग से शुरू की गई ‘जाइका वित्तपोषित सतत बागवानी संवर्धन परियोजना-हरियाणा (SHPP-Haryana)’ का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने हरियाणा एग्री-बिजनेस एवं कोल्ड-चेन केंद्र (HACE) का शिलान्यास भी किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, फसल विविधिकरण को प्रोत्साहित करने और आधुनिक कृषि अवसंरचना विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में बागवानी विभाग के निदेशक अर्जुन सैनी, अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) विजयेंद्र सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, किसान प्रतिनिधि और विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।

402 पैक हाउस और 3 फुलफिलमेंट सेंटर बनेंगे: परियोजना के तहत कृषि उत्पादों के बेहतर प्रबंधन और विपणन के लिए 402 फीड पैक हाउस, 4 लीड पैक हाउस और 3 फुलफिलमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन सुविधाओं से फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान में कमी आएगी और किसानों की बाजार तक पहुंच मजबूत होगी।

