देश के 7 एयरपोर्ट पर बुधवार को कहीं तकनीकी वजह तो कहीं क्रू मेंबर्स की कमी से इंडिगो की 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। इंदौर में 11, हैदराबाद में 19, सूरत में 8, अहमदाबाद में 25, बेंगलुरु में 42 फ्लाइट कैंसिल हुईं।
इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी करते हुए कहा कि खराब मौसम, सिस्टम में गड़बड़ी और स्टॉफ से जुड़े नए नियमों के चलते फ्लाइट पर असर पड़ा है। हम असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। अगले 48 घंटे में ऑपरेशन पूरी तरह ठीक हो जाएगा।
उधर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइन से जवाब मांगा है। दरअसल इंडिगो फ्लाइट में यह दिक्कत पिछले महीने से चल रही है। नवंबर में 1272 फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा। जिसमें से 755 उड़ानों के रद्द होने की वजह क्रू की कमी और स्टॉफ के ड्यूटी शेड्यूल में बदलाव था।
दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट:
- असर: दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह से चेक इन सिस्टम में दिक्कत आ रही है। चार एयरलाइंस- इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस पर इसका असर पड़ा है।
- तैयारी: सभी एयरलाइंस ने मैनुअल चेक इन और बोर्डिंग प्रोसेस लागू कर दिए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुबह 7.40 बजे X पर एक पोस्ट में कहा, हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
हैदराबाद राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट:
- असर: हैदराबाद एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स की भारी भीड़ हो गई। चेक इन सिस्टम में देरी की वजह से फ्लाइट छूट रही हैं। इंडिगो के एक स्पोक्सपर्सन ने कहा कि टेक्नोलॉजी में समस्या, एयरपोर्ट पर भीड़ और ऑपरेशनल जरूरतों जैसी कई वजह से हमारी कई फ्लाइट्स में देरी हुई है और कुछ कैंसिलेशन भी हुई हैं।
- तैयारी: हमारी टीमें यह पक्का करने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं कि ऑपरेशन जल्द से जल्द नॉर्मल हो जाएं।
बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट:
- असर: चेक इन सिस्टम में देरी की वजह से चार फ्लाइट लेट हो गईं। ऑपरेशनल वजहों से इंडिगो की कई सर्विस कैंसिल कर दी गईं। कुल 42 फ्लाइट कैंसिल हुईं हैं, जिनमें 22 आने वाली और 20 जाने वाली फ्लाइट शामिल थीं।

