सोनीपत: सोनीपत की एक कॉलोनी में देर शाम एक कमरे में अचानक आग लगने से 14 साल के सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 13 साल की मौसेरी बहन पूजा बुरी तरह झुलस गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे के वक्त बच्चों के माता-पिता काम पर गए हुए थे और चारों बच्चे घर में अकेले थे। यह घटना प्रवासी मजदूरों के असुरक्षित रहन-सहन पर कई सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना कुंडली के प्याऊ मनियारी इलाके की है।
बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला परिवार
हादसे में जान गंवाने वाला किशोर सूरज बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला था। उसके पिता सितेंद्र और मां सीता देवी और तीन बच्चे लंबे समय से सोनीपत के कुंडली क्षेत्र की हर्षवर्धन कॉलोनी में रह रहे थे। सितेंद्र और उसकी पत्नी दोनों ही पास की एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी का काम करते हैं। वे रोज की तरह मंगलवार को भी सुबह काम पर चले गए थे। घर पर सूरज और उसकी दो बहनें अकेली थीं। उसी दिन रिश्तेदार उमेश की 13 वर्षीय बेटी पूजा भी वहां आई हुई थी और बच्चों के साथ खेल रही थी।

