फतेहाबाद/चंडीगढ़: फतेहाबाद निवासी अनिल कुमार मल ने प्रवर्तन निदेशालय ( ED) को एक शिकायत पत्र भेजकर कई व्यक्तियों की चल-अचल संपत्ति की जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता ने पत्र में आरोप लगाया है कि ये लोग अपनी आय से अधिक संपत्ति के मालिक हैं और इनके खिलाफ जांच आवश्यक है। शिकायत में जिन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, उनमें अनिल गोयल (निवासी सतीश कॉलोनी, फतेहाबाद), संजय गुप्ता (सेक्टर 14, हिसार), संजय उर्फ संजय विडियो गेम (नाहर कॉलोनी, फतेहाबाद), अभिमन्यु टुटेजा (निवासी हिसार), और प्रवीन उर्फ पिन्नू रिक्शा वाला (चार मरला कॉलोनी, फतेहाबाद) शामिल हैं। अनिल कुमार मल ने दावा किया है कि अनिल गोयल की संपत्ति में करोड़ों रुपये की अवैध कमाई का निवेश किया गया है, जिसमें शुभ डायग्नोस्टिक सेंटर, मॉडल टाउन, फतेहाबाद का नाम प्रमुख रूप से लिया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस लैब में न केवल अनिल गोयल, बल्कि शहर की कई जानी-मानी हस्तियों की “दो नंबर की कमाई” का पैसा लगा हुआ है।
अनिल मल ने यह भी कहा कि उन्होंने दोषियों की संपत्ति की विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास किया है और जल्द ही फतेहाबाद, हिसार, सिरसा, पंचकूला, चंडीगढ़ और गुड़गांव में स्थित अवैध संपत्तियों की जानकारी प्रवर्तन निदेशालय को सौंपेंगे। उन्होंने ईडी से मांग की है कि शुभ डायग्नोस्टिक सेंटर पर तुरंत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि भ्रष्टाचार और काले धन पर लगाम लगाई जा सके। शिकायतकर्ता ने 5 जुलाई 2025 को भी एक पत्र प्रवर्तन निदेशालय को भेजा था और अब उसे आगे बढ़ाते हुए और जानकारियां देने की बात कही है। यह मामला अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

