सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 ने सिर्फ 8 दिनों में 230 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। हालांकि, दमदार ओपनिंग वीकेंड के बाद वीकडेज में कमाई थोड़ी घटी, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने एक हफ्ते में दुनियाभर में 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। सैकनिल्क के मुताबिक, बॉर्डर 2 ने आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को भारत में 11 करोड़ रुपए की कमाई की। सातवें दिन फिल्म ने 11.25 करोड़ रुपए कमाए थे। इस तरह भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 235.25 करोड़ रुपए हो चुकी है। अगर वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें, तो भारत से ग्रॉस कमाई 281.5 करोड़ रुपए है। विदेशों से फिल्म ने करीब 41 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस तरह कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 322.5 करोड़ रुपए पहुंच गया है। इस रफ्तार से फिल्म के दूसरे वीकेंड पर 350 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है।

वहीं, फिल्म की शानदार सफलता का सनी देओल ने जश्न मनाया। सनी ने हिमाचल प्रदेश के मनाली के एक होटल में अपनी टीम के साथ केक काटा। जश्न के दौरान सनी देओल काफी खुश नजर आए। केक पर “बधाई हो बॉर्डर 2” लिखा हुआ था। सनी देओल ने केक काटा और टीम के लोगों के साथ बांटा।

