हिसार: हरियाणा के हिसार में मंगलवार देर रात होटल संचालक की हत्या कर दी गई। बदमाशों से होटल के बाहर ही उस पर तेजधार हथियारों से वार किए। गंभीर हालत में युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक की पहचान 12 क्वार्टर में देव वाटिका के रहने वाले पारस उर्फ दीक्षित (25) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 2 बहने भी हैं। हत्या के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि पारस मिलनसार था और उसका किसी से झगड़ा नहीं था। हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए।
शाम को होटल संभालता था पारस
परिवार के मुताबिक पारस ने कई साल पहले हिसार के कैंप चौक पर होटल खोला था। होटल के 3 पार्टनर हैं। शाम के समय पारस ही होटल में होता था। वह काउंटर से लेकर पूरी मैनेजमेंट का काम संभालता था। कभी उसकी कस्टमरों के साथ झगड़े की बात सामने नहीं आई।
होटल पर आकर मारपीट की
परिवार ने बताया कि मंगलवार रात को भी पारस होटल पर था। उसी दौरान कुछ लोग आकर उससे मारपीट करने लग गए। वह बचने के लिए बाहर की तरफ भाग गया। आरोपी उसका पीछा करते हुए बाहर आ गए और उस पर तेजधार हथियार से वार करना शुरू कर दिया।

