हिसार: हिसार स्थित ताऊ देवी लाल सदन में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक के बाद इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर बुजुर्गों की पेंशन काटने का आरोप लगाया। चौटाला ने कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने के बजाय लोगों को परेशान कर रही है। मुख्यमंत्री ने नवंबर में बुजुर्ग पेंशन 3200 रुपए करने की घोषणा की थी, लेकिन इसे लागू करने के बजाय 75 हजार बुजुर्गों को पेंशन से वंचित किया जा रहा है।
बुजुर्ग पेंशन देवीलाल की देन
अभय चौटाला ने बुजुर्ग पेंशन को चौधरी देवीलाल की देन बताया। उन्होंने कहा कि जब यह पेंशन शुरू की गई थी, तब इसमें कोई शर्त नहीं थी। केवल 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर सम्मान पेंशन का प्रावधान था, जिसे बाद में 60 वर्ष किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने समय-समय पर पेंशन काटने का प्रयास किया। इनेलो ने हर बार सरकारों को फैसला वापस लेने के लिए मजबूर किया। अब भाजपा सरकार फिर से बुजुर्गों के अधिकारों पर हमला कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार को फैसला बदलने पर करेंगे मजबूर
चौटाला ने घोषणा की, कि 20 फरवरी को विधानसभा सत्र के दिन हजारों पेंशन वंचित बुजुर्गों के साथ पंचकूला कूच किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकार को अपना फैसला बदलने के लिए मजबूर करना है। इसके अतिरिक्त, 23 मार्च को नरवाना में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर ‘युवा शहीदी दिवस’ के रूप में एक बड़ा युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
केंद्र के बजट पर उठाए सवाल
अभय चौटाला ने केंद्र सरकार के बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं के लिए आबंटित बजट का पूरा उपयोग नहीं हो पाया। ग्रामीण और शहरी आवास, शिक्षा और विकास योजनाओं का पैसा लैप्स हो गया, जिससे सरकार की नीयत और क्षमता पर सवाल खड़े होते हैं।

