हरियाणा सरकार ने हिसार से चंडीगढ़ की फ्लाइट को मंजूरी दे दी है। फ्लाइट 9 जून (सोमवार) से शुरू होगी। इसका किराया 2500 से 3 हजार रुपए के बीच होगा। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। फ्लाइट में यह सफर सिर्फ 45 मिनट का होगा। फ्लाइट लेने के लिए आधे घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। सड़क के रास्ते गाड़ी या बस में चंडीगढ़ जाने में करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं ट्रेन में यह दूरी 7 घंटे की है। इसके लिए भी सिर्फ एक ही ट्रेन है। सरकार अयोध्या और दिल्ली की तरह ही सप्ताह में 2 दिन के लिए फ्लाइट शुरू कर सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।
प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल को किया था उद्घाटन
हिसार से दिल्ली और हिसार से अयोध्या के लिए फ्लाइट की शुरुआत 14 अप्रैल से हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया था। उड्डयन विभाग के मुताबिक हिसार से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं।
दिल्ली में ठहराव होने से कई यात्री राष्ट्रीय राजधानी से भी विमान में चढ़ते हैं। इससे सभी सीटें लगभग भर जाती हैं। अभी गर्मियों की छुट्टियां भी हो गई हैं। ऐसे में अभी रुझान मिलने की संभावना है।

