नालागढ़ (सोलन): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में पुलिस थाने के पास गुरुवार की सुबह 9.45 बजे जोरदार धमाका हुआ है। इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी, जबकि धमाके से 45 मीटर दूर तक की बिल्डिंगों के शीशे टूट गए। इनमें सैनिक भवन, पुलिस थाने का आईओ (इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) रूम और मार्केट कमेटी के ऑफिस की इमारत भी शामिल है। धमाके से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। धमाके की सूचना मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और सैंपल कलेक्ट किए। पुलिस अधिकारी अभी कुछ भी कहने को तैयार नही है कि धमाका कैसे और किस चीज से हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया और क्षेत्र को सील कर दिया। यह धमाका ऐसे वक्त में हुआ है, जब हजारों टूरिस्ट न्यू ईयर मनाने के लिए शिमला पहुंचे हुए हैं। फिलहाल धमाके में कोई मौत या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसके बारे में डिटेल जानकारी देगी, उसके बाद सारी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चश्मदीद बोला- 16MM का शीशा भी झड़ गया
चश्मदीद ने बताया- मैं थोड़ी दूर पर बैठा था। अचानक जोरदार धमाका हुआ। कोई नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन पूरी बिल्डिंग हिल गई। 16MM के शीशे तक टूटकर गिर गए। एक वक्त तो कुछ भी नजर नहीं आ रहा था।
SP बोले- 45 मीटर तक धमाके का असर
उधर, बद्दी एसपी विनोद धीमान ने बताया कि थाने के बाहर की ओर जा रहे रास्ते पर धमाका हुआ है। सैंपल अलग-अलग स्पॉट से उठाए गए। धमाके की वजह क्या रही, यह फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। धमाके से अभी तक जानी नुकसान तो नहीं है, लेकिन इससे थाने के आईओ रूम के शीशे तक टूट गए है। 40 से 45 मीटर दूर एक कैंटीन के भी शीशे टूटे है।

उन्होंने बताया- आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। अब तक पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। उन्होंने माना कि जिस जगह धमाका हुआ है, वहां स्क्रेप मैटीरियल भी पड़ा रहता है। इससे भी धमाके की संभावना रहती है। मगर पुख्ता तौर पर रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति क्लियर होगी।
विधायक बोले- धमाका हुआ, पुलिस जांच कर रही
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने धमाके की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस के सीनियर अधिकारियों से बात हुई है। इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद ही सारा सच सामने आएगा। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह ही अफवाह से दूर रहने की भी अपील की है। कहा है कि जब तक पुलिस की जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
हजारों टूरिस्ट इस वक्त हिमाचल में
धमाका ऐसे वक्त में हुआ है, जब भारी संख्या में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ समेत देश के कई हिस्सों से हजारों टूरिस्ट न्यू ईयर मनाने हिमाचल पहुंचे हुए हैं। 31 दिसंबर की रात को न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बाद टूरिस्ट घर भी लौट रहे हैं। धमाके का पता चलते ही पूरे प्रदेश में पुलिस को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। टूरिस्टों की सुरक्षा को लेकर सभी स्पॉट पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

