चंडीगढ़: हरियाणा के 2001 बैच के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार के सुसाइड का मामला सुलझ नहीं रहा है। लगातार 6 दिन से दिवंगत आईपीएस के परिवार और सरकार के बीच गतिरोध बना हुआ है। आज (सोमवार) को सातवां दिन है। परिवार की सहमति न मिलने की वजह से शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। उनकी IAS अफसर पत्नी अमनीत पी कुमार पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर को हटाने पर अड़ी हुई हैं। वहीं, दलित समाज के संगठनों की रविवार को हुई महापंचायत में चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन को डीजीपी और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजराणिया की गिरफ्तारी को लेकर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। चंडीगढ़ में आईएएस अमनीत पी कुमार के घर अफसरों और नेताओं का आना-जाना जारी है।
आज तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का पूरन कुमार की पत्नी के सरकारी आवास पर सुबह 10 बजे शोक प्रकट करने पहुंचेंगे। पूरन कुमार मूलरूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे। आंध्र प्रदेश से अलग होकर ही तेलंगाना राज्य बना है।
- सुबह सुसाइड की फोटो सामने आई: IPS पूरन कुमार के सुसाइड के 5 दिन बाद एक फोटो सामने आई है। पूरन कुमार की डेडबॉडी चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित कोठी नंबर 116 के बेसमेंट में बने साउंड प्रूफ कमरे में सोफे पर पड़ी है। उनके सिर, नाक और मुंह से खून निकल रहा है। टी-शर्ट भी खून से सनी है। पूरन कुमार दाहिने हाथ में पिस्टल पकड़े हुए हैं। उन्होंने कंबल भी ओढ़ा हुआ है।
- SC/ST एक्ट की धारा मजबूत की: चंडीगढ़ पुलिस ने केस में SC/ST एक्ट की धारा मजबूत की है। SC/ST एक्ट की धारा 3 (1) (r) की जगह अब धारा 3 (2) (V) लगाई गई है, जिसमें उम्रकैद के साथ जुर्माने का भी प्रावधान है। जबकि, SC/ST एक्ट की धारा 3(1) (r) में 5 साल तक सजा के अलावा जुर्माने का भी प्रावधान है।
- SIT ने रोहतक SP की रिपोर्ट तलब की: चंडीगढ़ पुलिस ने आईपीएस सुसाइड केस के मामले की जांच के लिए गठित की एसआईटी ने आईपीएस के सुसाइड केस से पहले रोहतक पुलिस के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर मांगी है। इस एफआईआर की मांगने की वजह यह बताई जा रही है कि इसकी जरूरत क्यों पड़ी। एसआईटी की इस मामले में जांच जारी है।
- आईएएस के घर बड़े चेहरों का आना जारी: आईपीएस वाई पूरन कुमार की आईएएस पत्नी के घर बड़े चेहरों का आना जाना जारी है। रविवार को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जजपा के नेताओं ने अमनीत पी कुमार से मुलाकात की। कांग्रेस से विधायक अशोक अरोड़ा, जननायक जनता पार्टी (JJP) की ओर से अजय चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सुबह आईएएस के घर पहुंचे। शाम को हरियाणा के गवर्नर असीम घोष अपनी पत्नी के साथ आईपीएस के घर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए पहुंचे।

