हरियाणा में सरकार ने 250 साल पुराना मंदिर कुर्क करने की चेतावनी दी है। इस बारे में फरीदाबाद नगर निगम ने 7 दिन का टाइम दिया है। यह मामला प्रॉपर्टी टैक्स न जमा कराने से जुड़ा हुआ है। नगर निगम ने मंदिर को 1.36 लाख रुपए का टैक्स जमा कराने को कहा है। नगर की ओर से यह नोटिस मिलने के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारी चिंता में है। समिति पदाधिकारियों के अनुसार दो माह पहले भी नोटिस भेजा गया था, जिसे रद्द करा दिया गया था। उनका कहना है कि मंदिर को प्रॉपर्टी टैक्स से छूट है। इसके बावजूद अब एक बार फिर नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
- बल्लभगढ़ के मंदिर को भेजा गया नोटिस: यह मामला बल्लभगढ़ के मोहना मार्ग स्थित उदासीन आश्रम के मंदिर का है। मंदिर संचालन समिति के संचालक राजेंद्र बरेजा ने बताया कि फरीदाबाद नगर निगम की ओर से नोटिस मिला है। इस नोटिस के ऊपर साबुन कॉलोनी लिखा हुआ है, लेकिन ऑनलाइन फोटो मंदिर की लगाई हुई है। नोटिस में 1.36 लाख रुपए का बकाया दर्शाते हुए 7 दिन में जमा करने के लिए कहा गया है।
- बकाया के साथ-साथ सरचार्ज भी लगाया: समिति के संचालक राजेंद्र बरेजा ने बताया कि फरीदाबाद नगर निगम की ओर से जो नोटिस मिला है, उसमें लिखा है कि प्रॉपर्टी टैक्स के एक लाख 36 हजार 618 रुपए 31 मार्च 2024 तक जमा कराने थे। मगर, यह राशि निर्धारित समय सीमा पर जमा नहीं कराई गई। अब 7 दिन में इस राशि को सरचार्ज के साथ जमा कराना होगी। चेतावनी दी गई है कि यदि टैक्स जमा नहीं कराया तो संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
- पहले भी भेजा गया था, समिति ने रद्द कराया: समिति संचालक राजेंद्र बरेजा ने आगे बताया कि नगर निगम ने एक बार पहले भी प्रॉपर्टी टैक्स का नोटिस दिया था। तब उसने इस नोटिस को अधिकारियों से मिल कर रद्द करा दिया था। उनका कहना है कि मंदिर किसी व्यक्ति की प्रॉपर्टी तो नहीं है। इसका टैक्स नहीं बनता। मगर, दूसरी बार नोटिस मिलने से मंदिर समिति परेशान है। उन्होंने जल्द इस मामले में निगम आयुक्त से मिलने का फैसला लिया है।