कैथल: हरियाणा के कैथल में सोमवार सुबह हरियाणा रोडवेज की बस ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। ये सभी पंजाब के फरीदकोट से गाड़ी में कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक कार्यक्रम में जा रहे थे।
जैसे ही वे गांव क्योड़क के पास पहुंचे, तो हादसा हो गया। बस की टक्कर से गाड़ी पलट गई। इस गाड़ी में 7 लोग सवार थे। हरियाणा रोडवेज की ये बस यह बस हिसार डिपो की है, जो पिहोवा की ओर जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मरने वालों की पहचान नरेंद्र (62), हकीकत (57), काकू सिंह (67) और मक्खन सिंह (60) के रूप में हुई है। सभी फरीदकोट के रामेयाना के रहने वाले थे।
- पिहोवा में बरसी में शामिल होने जा रहे थे: मृतकों के परिजन मनविंदर ने बताया कि 7 लोग पिकअप में रविवार शाम को पिहोवा में बाबा दिलीप सिंह, जीवन सिंह व जंगीर सिंह की बरसी पर होने वाले कार्यक्रम में जा रहे थे। रात ज्यादा होने के चलते वह कैथल के मंजी साहब गुरुद्वारा में रुक गए।
- पीछे से रोडवेज ने मारी टक्कर: उन्होंने बताया कि कैथल से सुबह 6 बजे पिहोवा के लिए रवाना हुए। जैसे ही क्योड़क गांव में रिलायंस पंप के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 गंभीर घायल हो गए।
- 3 घायल चंडीगढ़ PGI रेफर किए: घायलों को कैथल के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां से 65 वर्षीय तारा सिंह, 70 वर्षीय कुलवंत और 55 वर्षीय मंदर सिंह को चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है।