चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 4 विधायकों के नाम सार्वजनिक कर दिए। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढ़ौरा विधायक रेनू बाला ने क्रॉस वोटिंग की थी। पार्टी की डिसिप्लिनरी कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने बताया कि आज इन सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस भेजा दिया गया, जिसका जवाब 7 दिन के भीतर देना होगा। बता दें कि रेनू बाला और शैली चौधरी सांसद कुमारी सैलजा की करीबी हैं। इन दोनों को टिकट दिलाने में सैलजा की ही भूमिका रही थी।
16 मार्च को वोटिंग के दिन शैली चौधरी विधानसभा के गेट पर सीएम नायब सैनी की टीम से जुड़े तरूण भंडारी के साथ दिखी थीं, जबकि वोटिंग के बाद मोहम्मद इलियास सीएम से मिलने गए थे। इलियास लंबे समय से डायलिसिस पर हैं। वोटिंग के लिए भी दो लोगों का सहारा लेकर पहुंचे थे। दिलचस्प बात ये है कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर विधानसभा तक पहुंचे थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हुड्डा को पहले से ही उन पर संदेह था। उस दिन हुड्डा की गाड़ी में पंचकूला विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई भी थे। रिजल्ट के बाद सामने आया था कि 5 विधायकों की तरफ से क्रॉस वोटिंग की गई। हालांकि, कांग्रेस ने 4 ही नाम बताए।

