
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस लाइन क्वार्टर में 10वीं कक्षा की छात्रा सुरुचि चौधरी (14) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका हरियाणा पुलिस की ASI की बेटी थी। परिजनों के मुताबिक सुरुचि यूनिट टेस्ट में फेल हो गई थी, जिसके बाद से स्कूल प्रिंसिपल और गणित के एक टीचर ने उसे दोबारा 9वीं में भेजने की बात कही, दोनों ही बार बार सुरुचि को वापस 9वीं में भेजने की धमकियां देते थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुकी थी। मां ने उसे कई बार समझाया भी लेकिन 26 जून को स्कूल से लौटने के बाद सुरुचि ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजनों के आरोपों के बाद अब पुलिस भी हर एंगल से जांच में जुट गई है।
मां ASI, पिता निजी कंपनी में काम करते हैं सुरुचि फरीदाबाद की पुलिस लाइन के सेक्टर-30 स्थित टावर नंबर-2 के क्वार्टर नंबर 59 में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसकी मां सुनीता हरियाणा पुलिस में ASI हैं और फिलहाल पल्ला थाने में तैनात हैं। पिता एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। मूल रूप से यह परिवार हिसार जिले के गांव खानपुर का रहने वाला है। सुरुचि के अलावा उसकी दो छोटी बहनें भी हैं, जो उसी स्कूल में पढ़ाई करती हैं।
कम नंबर आने पर धमकियां मिली सुरुचि की मां के मुताबिक गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने के तुरंत बाद स्कूल में यूनिट टेस्ट हुए, लेकिन इन यूनिट टेस्ट में सुरुचि अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई, वो 5 में से 3 विषयों में फेल हो गई। कम नंबर आने से वो पहले ही परेशान थी की तभी, स्कूल के प्रिंसिपल और गणित के टीचर ने भी उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
