हरियाणा: हरियाणा में छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न हो गया। छठ व्रतियों ने नहर और नदियों पर बनाए घाटों पर उगते सूर्य की उपासना की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास भी खत्म हुआ। फरीदाबाद में नगर निगम की तरफ से अलग-अलग जगहों पर 100 घाट बनाए गए थे। यहां काफी संख्या में व्रती महिलाएं परिवार के साथ पहुंचीं।

हिसार के SP शशांक कुमार सावन अपने परिवार के साथ मंगलवार सुबह बालसमंद ब्रांच नहर पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाया। शशांक कुमार सावन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं।
उधर, करनाल में परिवार के साथ सूर्य को अर्घ्य देने गए संतोष यादव (35) की नहर में डूबने से मौत हो गई। वह स्नान करने के लिए नहर में उतरा था। घाट के दूसरे किनारे पर जाते हुए वह डूब गया। संतोष मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह अपने परिवार के साथ करनाल में रह रहा था।

