जींद: हरियाणा के जींद में गुरुवार देर रात को सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात को घर लौटते वक्त बदमाशों ने उन्हें घेरा। धक्का-मुक्की कर उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनी और उसी से सिर में गोली मार दी। सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई। सरपंच 2 बच्चों के पिता थे। वह शाम को किसी काम के लिए जींद शहर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला करीब साढ़े 12 बजे सामने आया।
बाइक पर घर लौट रहे थे सरपंच
जानकारी के अनुसार चाबरी गांव के सरपंच रोहताश (46) गुरुवार शाम को बाइक पर अपने किसी काम से जींद शहर आए थे। अपना काम निपटाकर रोहताश रात को साढ़े 12 बजे के करीब अपने घर की तरफ आ रहे थे।
रास्ते में घेरकर लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनी, गोली मारी
पिंडारा और रधाना गांव के बीच कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ छीना-झपटी करते हुए लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और उनको गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने नाकाबंदी की, पकड़ में नहीं आए आरोपी
घटना के बारे में सूचना मिली तो सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हत्यारों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया। मृतक के पास ही रिवॉल्वर पड़ी मिली है। वहीं मोबाइल फोन भी जेब में ही था।
