चंडीगढ़: हरियाणा में आज से नोटिफिकेशन के साथ लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 6 मई तक उम्मीदवार अपना-अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। मंगलवार 7 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 मई तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। 25 मई को मतदान होगा। 4 जून का मतगणना उपरांत नतीजे घोषित किए जाएंगे। यदि कोई उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन करना चाहता है तो उसे ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी को संबंधित रिटर्निंग अफसर के पास जमा करवानी होगी। हरियाणा में भाजपा सभी 10 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। गुरुग्राम लोकसभा सीट से भाजपा कैंडिडेट राव इंद्रजीत सिंह आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

प्रत्याशी घोषणा में ये दल पिछड़े
कांग्रेस अभी तक सिर्फ 8 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर पाई है। गुरुग्राम लोकसभा सीट पर अभी कांग्रेस उम्मीदवार की घोषणा होना बाकी है। कुरुक्षेत्र सीट पर I.N.D.I.A. गठबंधन के तहत कांग्रेस का AAP से समझौता हुआ है। वहीं जजपा ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है और INLD की ओर से 6 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है।

