हरियाणा के हिसार में लोकसभा चुनाव में BJP नेता कुलदीप बिश्नाई इन दिनों अपने गढ़ आदमपुर में घूम-घूमकर रूठों को मनाने में लगे हैं। 6 महीने बाद विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में आदमपुर में जीत व हार बिश्नोई परिवार का भविष्य तय करेगी। इसलिए वह भाजपा उम्मीदवार रणजीत चौटाला के प्रचार के साथ-साथ बेटे भव्य बिश्नोई के लिए भी किलेबंदी कर रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई ऐसे लोगों के घर जा रहे हैं, जो पहले कभी उनके समर्थक हुआ करते थे, लेकिन अब दूरी बनाए हुए हैं। घर नहीं मिलने पर वह फोन मिला रहे हैं और हाल चाल पूछकर कह रहे हैं कि आपकी चाय पीनी है, आप कब आ रहे हो। कुलदीप बिश्नोई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कॉल पर एक व्यक्ति का हाल चाल पूछ रहे हैं। वह कह रहे हैं कि हमारा 55 साल का साथ है। बाकी लोग तो आते रहेंगे जाते रहेंगे, मगर हमें तो यहीं रहना है, एक दूसरे के सुख-दुख में काम आना है।

आदमपुर में कई दिनों से सक्रिय हैं कुलदीप
कुलदीप बिश्नोई हिसार लोकसभा सीट से भाजपा का टिकट मांग रहे थे। रणजीत चौटाला को टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। हालांकि, इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद उनसे मिलने पहुंचे और गिले-शिकवे दूर किए। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई अपने गढ़ आदमपुर में सक्रिय हो गए। वह आदमपुर से भाजपा को जितवाकर भव्य के लिए विधानसभा में जगह पक्की करना चाहते हैं। इसलिए वह लोगों से कह रहे हैं कि आपके ही वोट से बिश्नोई परिवार की ताकत बनी रहेगी।

उपचुनाव में जेपी से मिली कड़ी टक्कर
हिसार लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश उर्फ जेपी, आदमपुर उपचुनाव में भव्य बिश्नोई को अच्छी टक्कर दे चुके हैं। जयप्रकाश करीब 15 हजार वोटों से हार गए थे। मगर, उस समय भाजपा ने जजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और अब आदमपुर में कुलदीप के सामने रणजीत के साथ-साथ भव्य को फिर से विधायक बनाने की चुनौती रहेगी।

