हरियाणा में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के सरकारी आवास पर शनिवार को हंगामा हो गया। चंडीगढ़ में कोठी पर महिला सफाई कर्मचारी ने कोठी के ही एक कर्मचारी पर छेड़छाड़ करने और हाथ पकड़ने का आरोप लगाया। महिला कर्मचारी ने अपने दूसरे साथी कर्मचारियों को इसकी सूचना दे दी। इसके बाद कर्मचारियों ने मंत्री की कोठी का घेराव कर दिया। उस दौरान मंत्री अरविंद शर्मा कोठी पर ही थे। उन्होंने दोनों पक्ष से बात करके समझौता करवा दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया।

3 पॉइंट में समझिए पूरा विवाद…
खुद को PA बताता है दीपक: डॉ. अरविंद शर्मा नायब सिंह सैनी की सरकार में सहकारिता और पर्यटन मंत्री हैं। उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में सरकारी आवास मिला हुआ है। यहीं पर सफाई का काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि कोठी पर दीपक कौशिक नाम का एक कर्मचारी काम करता है। पक खुद को मंत्री का PA बताता है।
छेड़छाड़ की, हाथ पकड़ा: कर्मचारी ने कहा कि शनिवार दोपहर को दीपक और उसके बीच बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि महिला कर्मचारी ने दीपक पर छेड़छाड़ और हाथ पकड़ने का आरोप लगाया। महिला कर्मचारी ने इसकी सूचना अपने अन्य सहयोगी कर्मचारियों को दी। वे तुरंत मंत्री की कोठी पर पहुंच गए। यहां महिला के साथी कर्मचारियों ने हंगामा किया।
मंत्री ने डांट लगाई तो माफी मांगी: महिला कर्मचारी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर मंत्री अरविंद शर्मा खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने व उनकी पत्नी ने दीपक को डांट लगाई। दीपक ने पूरे मामले पर माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हो गया। इसलिए पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई।

