हरियाणा में आज देर शाम को मौसम ने करवट ली। 2 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। कैथल के पूंडरी में बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं सिरसा जिले के डबवाली में हल्की बारिश हुई। जींद में बादल छाए हुए हैं। धूल भरी आंधी चल रही है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 5 जून को कुछ एक स्थानों पर आंशिक बादल और हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। 6 जून से 9 जून तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बीच हल्के बादल और कहीं-कहीं धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून अपने निर्धारित समय पर दस्तक देगा। मानसून की 28 जून को राज्य में एंट्री होती है और 3 जुलाई तक पूरे प्रदेश में फैल जाता है।
दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड से प्रवेश कर सकता मानसून डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून के अपने निर्धारित समय पर ही आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मानसून राज्य में दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड से प्रवेश कर सकता है, जो हवा की दिशा पर निर्भर करता है। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है।
पिछले साल मानसून में सामान्य से 5% कम बारिश हुई 2024 में मानसून के दौरान सामान्य से 5% फीसदी कम बारिश हुई थी। हरियाणा में जून से सितंबर तक मानसून की अवधि मानी जाती है। सामान्य तौर पर 430.7 एमएम बारिश मानसून में होती है, मगर पिछले साल यह आंकड़ा 409.4MM तक ही पहुंच पाया था।
जून में मानसून में 53%, जुलाई में 58%, अगस्त में 126% और सितंबर में 137% बारिश हुई थी। अगस्त और सितंबर ने ही मानसून का कोटा पूरा किया था। विभाग के अनुसार 2024 में मानसून सामान्य रहा था। इससे पहले 2011 और 2018 में मानसून बेहतर रहा था।