हरियाणा में आज भी सभी 22 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 7 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में 75-100 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। 11 जिलों कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह व पलवल में 50-75 प्रतिशत और 4 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी में 25-50 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इससे पहले पंचकूला में रात करीब डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक बारिश हुई। इससे घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है। वहीं रात को चरखी दादरी में भी हल्की बारिश हुई है। वहीं इस बार मानसून ने तय समय से करीब 5 दिन पहले हरियाणा में दस्तक दे दी है। जिसके असर से इस दफा अधिक बारिश होने की संभावना है। जो काफी फायदेमंद मानी जा रही है।

सामान्य से ज्यादा होगी बारिश चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आमतौर पर हरियाणा में 28-29 जून को मानसून की एंट्री होती थी। लेकिन इस बार मानसून 23-24 जून को ही हरियाणा में प्रवेश कर गया। करीब 5 दिन पहले मानसून आने को फायदेमंद माना जा रहा है। पूर्वानुमान है कि जल्दी मानसून आने के कारण हरियाणा में इस बार मानसून की बारिश सामान्य से अधिक होगी।
अभी तक पिछले साल से ज्यादा बारिश मौसम विभाग के अनुसार 2024 के जून महीने में हरियाणा में 29.3 मिमी बरसात हुई थी, जबकि आमतौर पर जून में 55.3 मिमी बारिश होती है। यानी 47% कम बारिश हुई थी। वहीं 2025 में 1 जून से 26 जून तक हरियाणा में 51.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस समय तक आमतौर पर 42.5 मिमी बारिश होती है। इस बार अब तक 20% ज्यादा बारिश हुई है।

