चंडीगढ़ : हरियाणा के कुरुक्षेत्र के साथ आज पंजाब के मोहाली, नंगल और खन्ना में बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, करनाल, कैथल, पंचकूला और यमुनानगर के अलावा चंडीगढ़ में भी तेज बारिश हो रही है। हिसार, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, फतेहाबाद, पानीपत और अंंबाला में आंधी चल रही है। अंबाला में आंधी के ही कारण एक बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया। तो कैथल में तेज हवाओं के कारण सड़क पर पेड़ गिर गया। कैथल के पुंडरी में आंधी के कारण एक बीएसएनएल का टावर गिर गया, जिसके कारण क्षेत्र में बीएसएनएल की सेवाएं बंद हो गई हैं। वहीं, हरियाणा में तापमान 45 डिग्री पार हो गया है। आज (21 मई) दोपहर में 12 जिलों, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लू चली। इस वजह से 7 जिलों के स्कूलों में टाइमिंग बदल दी गई है। इसके बाद अब अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव की संभावना है।

