हरियाणा के फतेहाबाद में पति ने पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड की हत्या कर दी। पत्नी पर चाकू से 11 वार तो बॉयफ्रेंड पर 2 से 3 वार किए। दोनों 5 महीने से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। ये बॉयफ्रेंड और कोई नहीं बल्कि पति का ही दोस्त था। महिला पति को चिढ़ाती थी। महिला कहती थी कि वह उसे छोड़कर चली गई, फिर भी वह उसका कुछ नहीं कर पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। आज दोनों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। आरोपी दीपक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतकों की पहचान ऋतिक (24) और पूजा (30) के रूप में हुई है। पूजा का 12 साल का बेटा है, जो पति के साथ रहता है। मामला रात को सवा 8 बजे तिलकनगर में सामने आया।
- महिला का पति और बॉयफ्रेंड दोस्त थे: ऋतिक और दीपक आपस में दोस्त थे। ऋतिक का दीपक के घर आना जाना था। दोनों के घरों के बीच आधा किलोमीटर का फासला है। इस बीच ऋतिक का दीपक की पत्नी से प्रेम प्रसंग शुरू गया।
- 5 महीने से ऋतिक के साथ रह रही थी: 5 महीने पहले पूजा दीपक को छोड़कर ऋतिक के साथ रहने लगी। पूजा दीपक को चिढ़ाती थी कि मैं तुझे छोड़कर चली गई, लेकिन तुम कुछ नहीं कर पाए। इसी बात पर दीपक ने पूजा और उसके बॉयफ्रेंड की हत्या की प्लानिंग बनाई।
- बाजार से लौटते वक्त किया हमला: बीती रात पूजा और ऋतिक खाना खाने के बाद सड़क पर टहलने निकले थे। इस दौरान पीछे से दीपक ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूजा को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
- जहां हमला किया, वह सुनसान इलाका: वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद एसएचओ प्रहलाद सिंह व टीम मौके पर पहुंची। जहां वारदात हुई, यह सुनसान इलाका है। यहां एक मकान और एक पुराना प्राइवेट स्कूल है। इस जगह पर आवाजाही काफी कम होती है।