हरियाणा में ग्रुप C की भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) अगले महीने यानी जुलाई में होगा। एक ही दिन के बजाय यह एग्जाम 2 या 3 दिन में होगा। गुरुवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में मीटिंग हुई।
जिसमें CET एग्जाम की तैयारियों को लेकर सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ चर्चा की गई। जिसके बाद चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि सभी को परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि CET-2025 के लिए 13 लाख 48 हजार 697 आवेदन मिले हैं। इसे देखते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को दो से तीन दिन के समय में यह एग्जाम कराने को कहा गया है। अगले महीने पेपर की संभावना को देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी डिप्टी कमिश्नरों से अगले 3 दिन के भीतर परीक्षा केंद्रों की पहचान करने को कहा है। इसके बाद सोमवार तक इसकी रिपोर्ट देने को कहा गया है। मीटिंग में HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर सभी डिप्टी कमिश्नरों के साथ विस्तृत SOP जारी की, जिसके मुताबिक ही चयन और उनमें इंतजाम किए जाएंगे। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी.एल. सत्यप्रकाश समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

