टोहाना, फतेहाबाद (हरियाणा) हरियाणा के फतेहाबाद में मंगलवार को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में हंगामा हो गया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुड्डा और सैलजा गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरपाल सिंह बुडानिया ने आरोप लगाया था कि विधायक परमवीर सिंह भाजपा नेता सुभाष बराला की मदद से चुनाव जीते हैं। उनके इस बयान से विधायक के समर्थक भड़क गए थे। उन्होंने हरपाल को मंच से खींचा और धक्कामुक्की की। बात यहीं नहीं रुकी। जब कार्यकर्ता शांत नहीं हुए तो कार्यक्रम में आई पर्यवेक्षकों की टीम को बिना बातचीत के लौटना पड़ा। अंत में हरपाल सिंह ने अपने साथ मारपीट का आरोप का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत भी दी है।
4 पॉइंट्स में जानिए पूरा मामला…
- संगठन सृजन कार्यक्रम के लिए जमा हुए थे कार्यकर्ता: कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक, फतेहाबाद में टोहाना के पैराडाइज पैलेस में पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक चल्ला वामशी रेड्डी, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह, राहुल मक्कड़ और सतवीर पहलवान मौजूद थे।
- मंच से हरपाल ने आरोप लगाए: इसी दौरान मंच से हरपाल सिंह ने विधायक परमवीर सिंह पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- 2014 के चुनाव में परमवीर सिंह ने भाजपा के मौजूदा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला का साथ दिया था। तब बराला चुनाव जीते थे। अब इस बार बराला ने परमवीर की मदद की, इसलिए परमवीर विधायक बन गए। ये दोनों एक दूसरे से मिले हुए हैं।
- विधायक के समर्थकों ने हंगामा किया: हरपाल सिंह के इस बयान के बाद विधायक के समर्थकों ने कार्यक्रम में हंगामा कर दिया। उन्होंने हरपाल सिंह को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दीं और हरपाल के समर्थकों के साथ धक्कामुक्की की।
- विधायक ने सफाई दी, ऑब्जर्वर लौटे: मौके पर विधायक भी मौजूद थे। उन्होंने समर्थकों को शांत करने की कोशिश की और सफाई भी दी कि उन पर लगे आरोप गलत हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे घर से तो किसी ने जिलाध्यक्ष की दावेदारी पेश भी नहीं है। फिर मुझे क्यों टारगेट किया जा रहा है?’ जब बात ज्यादा बढ़ गई तो किसी नेता का फीडबैक लिए बिना और बातचीत किए बिना ही ऑब्जर्वर उठकर चले गए।