पहलगाम में आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में ठिकानों पर हमला किया। हरियाणा में बुधवार को शाम 4 बजे मॉक ड्रिल की गई। ये मॉक ड्रिल करीब एक घंटे तक चली। इसमें लोगों, कर्मचारियों, स्टूडेंट्स को आपात स्थिति में बचाव और लोगों को निकालने के तरीके समझाए गए। पंचकूला और अंबाला में खामियां देखने को मिलीं
इसके बाद रात साढ़े 7 बजे ब्लैकआउट किया गया। सायरन बजने के बाद लोगों ने लाइटें बंद कर दी थीं। ये ब्लैकआउट 10 से आधे घंटे तक रहा। हिसार में दुकानदारों ने लाइटें बंद कर भारत माता की जय के नारे लगाए। हालांकि कई जगह ब्लैकआउट का मिलाजुला असर रहा।
हरियाणा में मॉक ड्रिल के दौरान क्या हुआ
हरियाणा के सभी जिलों में शाम 4 बजे मॉक ड्रिल हुई। सायरन बजने के बाद मॉक ड्रिल शुरू हुई। पंचकूला सेक्टर 20 में मिस मैनेजमेंट दिखा। यहां सायरन की सूचना पर आई रेडक्रॉस की एंबुलेंस में स्ट्रेचर नहीं था। सेक्टर 20 थाने से कोई भी पुलिस कर्मचारी नहीं था। ट्रैफिक पुलिस के न होने से एंबुलेंस, बसें, और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां निकल नहीं पाईं। इस पर निगम कमिश्नर अपराजिता नाराज हो गईं और कहा कि ये मिस मैनेजमेंट है। उन्होंने कहा कि जो कमियां मिली हैं, उन्हें हमने नोट कर लिया है। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
अंबाला में मॉक ड्रिल के लिए कोई एक स्थान चिह्नित नहीं किया गया। सिटी सिविल अस्पताल से एंबुलेंस DC ऑफिस भेजी गई, जबकि वहां मॉक ड्रिल नहीं थी। हालांकि रात को ब्लैकआउट के दौरान फिर से मॉक ड्रिल की गई। हिसार में नगर निगम के ऑफिस में आग लगने से पहले ही अफसर बाहर आकर खड़े हो गए। इसके बाद धुआं किया गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम बिना आग बुझाए चली गई। हालांकि कुछ देर बाद टीम वापस आ गई। एंबुलेंस भी खाली निकल गईं।